जागरण

2.6M Followers

ट्रेनों में सीट के लिए मारामारी, रांची होकर बिहार जा रहे लोग

07 Nov 2021.07:11 AM

जागरण संवाददाता, राउरकेला : दीपोत्सव के बाद लोकपर्व छठ की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। छठ पूजा के लिए शहर व आसपास में रह रहे बिहार के लोग शनिवार से ही अपने गांव जाने के लिए निकलने लगे है।

इससे बिहार जाने वाली सभी ट्रेनों खासकर जम्मूतवी, साउथ बिहार एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ उमड़ने लगी है। शनिवार को राउरकेला स्टेशन में बिहार जाने वाली सभी ट्रेनों में यात्रियों का हुजूम देखा गया। जो आगामी 9 नवंबर तक बरकरार रहने की संभावना है। कई लोगों को राउरकेला से सीधे बिहार जाने के लिए कन्फर्म टिकट नहीं मिलने के कारण वे वाया झारखंड की राजधानी रांची से ट्रेन पकड़ कर बिहार जा रहे हैं।

इसके अलावा तांब्रम-जसीडीह ट्रेन से कई यात्री आसनसोल होकर बिहार के लिए निकले। सभी लोग हर हाल में ाल में छठ पर्व अपने गांव में मनाने के लिए समय पर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, छठ पर्व को लेकर राउरकेला रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों को यात्रा के दौरान कोई परेशानी ना हो, इसके लिए महिला कर्मियों को भी तैनात किया गया है।

रविवार को तांब्रम- जसीडीह ( चेन्नई- आसनसोल) ट्रेन, साउथ- बिहार तथा बिहार जाने के लिए रेलवे की ओर से शुरू की गई दुर्ग-दानापुर स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की भीड़ अधिक होने की संभावना है। सोमवार को छठ पर्व नहाय खाय के साथ शुरू होने के कारण ट्रेनों में अधिक भीड़ देखी जा रही है। हालांकि रेलवे की ओर से छठ पर्व को लेकर कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है पर सभी को आरक्षित टिकट मिलना मुश्किल हो रहा है।

Disclaimer

Disclaimer

This story is auto-aggregated by a computer program and has not been created or edited by Dailyhunt Publisher: Dainik Jagran

#Hashtags